न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
Published by: Nirmala Suyal Nirmala Suyal
Updated Fri, 28 Jan 2022 11:08 AM IST
सार
प्रदेश के कई इलाकों में शुक्रवार और शनिवार को पारा गिरने और कोहरा छाये रहने का अनुमान है। मौसम केंद्र के अनुसार प्रदेश के सभी क्षेत्रों में रात को पाला गिरेगा।
हल्द्वानी में सुबह छाया रहा कोहरा
– फोटो : अमर उजाला
ख़बर सुनें
विस्तार
प्रदेश के कई इलाकों में शुक्रवार और शनिवार को पारा गिरने और कोहरा छाये रहने का अनुमान है। मौसम केंद्र के अनुसार प्रदेश के सभी क्षेत्रों में रात को पाला गिरेगा। वहीं, कोहरा छाये रहने से मौसम में ठंड में इजाफा होगा। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों के ज्यादातर क्षेत्रों में बादल भी छाये रहेंगे। इससे ठंड में बढ़ोत्तरी होने का अनुमान है। इसके अलावा पहाड़ी क्षेत्रों में पाला भी गिर सकता है।
धूप ने ठंड से दिलाई राहत
रुद्रप्रयाग में मौसम में सुधार हुआ और दिनभर धूप खिली रही, जिससे लोगों को ठंड से राहत मिली। उधर, केदारनाथ, तुंगनाथ, चोपता में अब भी कई फीट बर्फ मौजूद है। केदारनाथ सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी मौसम ठीक रहा। भले ही यहां कई फीट बर्फ मौजूद है।
पर्यटकों की कार खाई में गिरी, पांच घायल
बर्फ देखने के लिए चकराता आए पर्यटकों की कार के खाई मेें गिरने से एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची चकराता पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर चकराता स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां से उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है।
उत्तरप्रदेश के सहारनपुर निवासी एक परिवार के पांच सदस्य बर्फ देखने के लिए चकराता आए थे। इस दौरान लागा पोखरी के पास सड़क पर जमी बर्फ के कारण उनकी कार स्लिप हो गई। कार सीधे 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी। चकराता के थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह भाटी ने बताया कि कार सवार अमित बहुगुणा, मुक्ता बहुगुणा, श्रुति, अवनी, विभोर एक ही परिवार के सदस्य हैं। देहरादून के निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है।